मुंगेली – छत्तीसगढ़ी कहावत ‘नव निहाल वाहन चालक’ आजकल नगर की सड़कों पर तेज रफ्तार और तेज आवाज वाली बाइक चलाने वाले कुछ युवाओं पर सटीक बैठती नजर आ रही है। फटे साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और तेज रफ्तार से वाहन चलाना युवाओं के बीच मानो शौक बनता जा रहा है। इनकी लापरवाही के कारण सड़क पर चलने वाले आम नागरिकों, बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर ऐसे वाहन चालकों को तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते देखा जा सकता है। कई बार तेज आवाज वाले साइलेंसर के कारण राहगीर अचानक घबरा जाते हैं। वहीं स्कूलों की छुट्टी के समय बच्चों की आवाजाही बढ़ने के बावजूद कुछ युवा तेज गति से वाहन चलाने से बाज नहीं आते। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सड़क पर अचानक कोई पैदल राहगीर या पशु सामने आ जाए तो स्थिति गंभीर हो सकती है। हैरानी की बात यह है कि चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए निकल जाते हैं।
गौरतलब है कि पुलिस द्वारा समय-समय पर तेज रफ्तार, प्रेशर हॉर्न और निर्धारित मानकों से अधिक आवाज करने वाले साइलेंसर के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। इसके बावजूद सड़कों पर ऐसे वाहन चालकों की गतिविधियां पूरी तरह नियंत्रित होती नजर नहीं आ रही हैं।
आवश्यक है कि यातायात पुलिस नियमित जांच अभियान चलाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करे। विशेषकर स्कूलों की छुट्टी के समय और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए। साथ ही अभिभावकों को भी अपने नाबालिग बच्चों के वाहन चलाने और उनकी ड्राइविंग आदतों पर ध्यान देना चाहिए। सड़क पर सुरक्षा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सभी की जिम्मेदारी है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.