
मुंगेली – नगर में मौसम ने अचानक करवट ली है। रिमझिम फुहारों और ठंडी हवाओं ने वातावरण में ठंडक घोल दी है। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज बदल दिया। मौसम में आई इस ठंडक का असर आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। लोग अब गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।
सुबह घरों से निकलने वाले लोग स्वेटर, जैकेट और गर्म कपड़ों में दिखाई दिए। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर नौकरीपेशा लोगों तक ठंड का असर देखने को मिला। दिनभर मौसम में ठंडक बनी रही और शाम होते-होते ठंडी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट महसूस होने लगी।
ठंड से बचने के लिए नगर के विभिन्न चौक-चौराहों, दुकानों के आसपास और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों ने अलाव जलाना शुरू कर दिया। शाम ढलते ही लोग लकड़ियां और कागज इकट्ठा कर आग तापते नजर आए। खासकर बुजुर्गों और राहगीरों ने अलाव के आसपास बैठकर ठंड से राहत ली। चाय की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखने को मिली।
मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं ठंड का एहसास भी बढ़ने लगा है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोग अब सुबह और शाम विशेष सावधानी बरतते नजर आ रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.