
बारिश ने मौसम में घोली ठंडक, बाजारों में पसरा सन्नाटा
मुंगेली – बीते दिनों अर्बन तूफान के चलते किसानों को फसल नुकसान की समस्या से जूझना पड़ा था। इससे किसान अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाए थे कि बंगाल की खाड़ी में उठे एक और तूफान ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खराब मौसम के चलते प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। इधर खेतों में धान की फसल पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी है, तो कई किसानों ने फसल काटकर खेतों और खलिहानों में रखी हुई है। ऐसे में लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
बारिश के कारण खेतों में कटी हुई धान की फसल भीगने, खलिहानों में रखे धान के खराब होने और उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि पिछले दिनों हुई बारिश के बाद खेत अभी ठीक से सूख भी नहीं पाए थे कि एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली। इसके चलते कटाई का काम प्रभावित हो रहा है। किसानों की इस स्थिति को देखते हुए ‘दुबरे में दू असाढ़’ की कहावत चरितार्थ होती नजर आ रही है। यदि बारिश का दौर जारी रहा तो धान कटाई के साथ खरीदी केंद्रों तक धान की आवक भी प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग और कृषि विभाग की सलाह है कि किसान कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा तिरपाल से ढंककर बारिश से बचाव करें।

खरीदी केंद्रों में जमा धान की सुरक्षा की भी चुनौती
गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 1,351 किसानों से कुल 44,664 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। इसमें 40,238 क्विंटल मोटा धान तथा 4,426 क्विंटल सरना धान शामिल है। खरीदे गए धान के एवज में किसानों को 10 करोड़ 90 लाख 26 हजार 776 रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है।
ऐसे में अब खरीदी केंद्रों में जमा धान की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बारिश के बीच खुले में रखे धान को भीगने से बचाना प्रशासन और खरीदी व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों के लिए बड़ी चुनौती होगी। गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में धान खरीदी के दौरान बारिश की स्थिति बनती रही है। इसके बावजूद हर साल धान को सुरक्षित रखने की व्यवस्था को लेकर सवाल सामने आते हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या इस बार प्रशासन ने खरीदी केंद्रों में जमा धान को बारिश से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं? क्या तिरपाल, सुरक्षित भंडारण और जल निकासी की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की गई है, या फिर हर बार की तरह नुकसान की स्थिति बनने के बाद ही बचाव के उपाय किए जाएंगे?
बारिश ने मौसम में घोली ठंडक, बाजारों में पसरा सन्नाटा
रुक-रुककर हो रही बारिश ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है। बेमौसम बारिश के चलते लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। आवश्यक कार्यों से बाहर निकलने वाले लोग रेनकोट और छाते का सहारा लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचे। बारिश का असर आम जनजीवन के साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी साफ नजर आया। सड़कों पर आवाजाही कम होने से बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। किराना और दवा दुकानों को छोड़कर अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठानों में ग्राहकों की आवाजाही काफी कम रही। कुल मिलाकर बेमौसम बारिश ने जहां किसानों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं आम जनजीवन और बाजारों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.