मुंगेली – विगत कुछ समय से घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में आ रही कमी के चलते नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार जहां पहले टोकन करने के बाद आसानी से सिलेंण्डर मुहैया हो जाता था किंतु अब टोकन कटने के बाद लगभग 3 से 5 दिनों का इंतजार उपभोक्ता को करना पडता है। जिसके चलते कालाबाजारी करने वाले लोगों की सक्रियता भी सामने आने लगी है। घरेलू गैस सिलेंडरों की निर्धारित कीमत लगभग 1030 से 1070 रुपये के आसपास होने के बावजूद कुछ लोग इन्हें 1400 से 1700 रुपये तक में बेचकर उपभोक्ताओं की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। इससे आम परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को घरेलू गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। योजना का उद्देश्य महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के साथ ही रसोई व्यवस्था को सुविधाजनक बनाना है। लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने और कथित तौर पर अधिक कीमत वसूलने की शिकायतों के चलते योजना का वास्तविक लाभ प्रभावित होता नजर आ रहा है।
गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण कई परिवारों को समय पर रिफिल नहीं मिल पा रहा है। वहीं जिन उपभोक्ताओं को घरेलू जरूरतों के चलते तत्काल सिलेंडर की आवश्यकता है, उन्हें मजबूरी में अधिक कीमत चुकाने की नौबत आ रही है। विशेषकर मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए निर्धारित कीमत से 300 से 600 रुपये तक अधिक भुगतान करना आर्थिक परेशानी का कारण बन रहा है। इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में कमी के बीच यदि अवैध रूप से भंडारण और कालाबाजारी की जा रही है, तो इस पर प्रभावी निगरानी क्यों नहीं हो पा रही है। गैस एजेंसियों के वितरण व्यवस्था की जांच और अनधिकृत रूप से सिलेंडर बेचने वालों पर कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
वहीं मामले को लेकर विभागीय अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए आवश्यक जांच और कार्रवाई करने की बात कही है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.