लंबे इंतजार के बाद शुरू हुआ डामरीकरण, लेकिन धरातल पर हो रहे कार्यों को लेकर नगरवासियों में असंतोष; ठेकेदारों पर विभागीय निगरानी को लेकर भी उठ रहे सवाल

मुंगेली – जिले में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात के बीच कुछ निर्माण कार्य धरातल पर उतरते नजर आ रहे हैं, लेकिन उनके क्रियान्वयन और गुणवत्ता को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। लंबे इंतजार के बाद शहर की प्रमुख सड़कों के डामरीकरण की खबरों से जहां लोगों को राहत की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी ओर निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति कुछ अलग तस्वीर बयां कर रही है। खस्ताहाल सड़कों के मरम्मत और उन्नयन के नाम पर महज औपचारिकता निभाए जाने तथा गुणवत्ताहीन कार्यों को लेकर नगर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। ऐसे में करोड़ों रुपये की स्वीकृत राशि और उसके उपयोग पर भी सवाल उठने लगे हैं।
गौरतलब है कि मुंगेली शहर की यातायात व्यवस्था और सुंदरता की दृष्टि से महत्वपूर्ण गौरवपथ के निर्माण एवं उन्नयन के लिए अधोसंरचना मद से 4 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। स्वीकृति के बाद बिलासपुर की निर्माण कंपनी अविनाश बिल्डकॉन द्वारा कार्य प्रारंभ किया गया। हालांकि लंबे समय तक निर्माण कार्य में हुई देरी के चलते स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास के दुकानदारों और रहवासियों की मुश्किलें बढ़ गई थीं। वहीं आवागमन में भी लगातार दिक्कतें बनी हुई थीं।
डामरीकरण शुरू, गुणवत्ता पर नजरें
लंबे इंतजार के बाद गौरवपथ पर बीटी डामरीकरण का कार्य शुरू होने से नगरवासियों को राहत की उम्मीद जरूर जगी है। कार्य पूरा होने के बाद सड़क की स्थिति में सुधार और आवागमन सुगम होने की संभावना है। लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लोगों की निगाहें अब विभागीय अधिकारियों पर टिकी हुई हैं। नगरवासियों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई जा रही सड़क का लाभ तभी मिलेगा, जब निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप हो। केवल ऊपरी मरम्मत कर औपचारिकता पूरी करना सार्वजनिक धन के उपयोग पर सवाल खड़े कर सकता है।
ठेकेदारों पर निगरानी कितनी प्रभावी?
उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नगरीय प्रशासन विभाग से जुड़े प्रयासों और मुंगेली के लिए स्वीकृत अधोसंरचना कार्यों को शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बावजूद इसके निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाने वाले विभागीय अमले की भूमिका भी अहम हो जाती है। सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग द्वारा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता की जांच की जा रही है? ठेकेदारों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य कराने के लिए किस स्तर पर जवाबदेह बनाया जा रहा है? बहरहाल, नगरवासियों को विकास योजनाओं की घोषणाओं से अधिक उनके गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन की अपेक्षा है। अब देखना होगा कि विभाग इन सवालों को कितनी गंभीरता से लेता है और गौरवपथ का डामरीकरण वास्तव में गुणवत्ता की कसौटी पर कितना खरा उतरता है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.