मुंगेली/लोरमी। ग्राम नवलपुर में हुए दंपति के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में मृतक नंदकुमार कश्यप के सगे भाई नंदु कश्यप को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद और रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक नवलपुर निवासी मोहन कश्यप ने 25 अगस्त को थाना लोरमी में सूचना दी थी कि उसके पिता नंदकुमार कश्यप और मां गौरीबाई कश्यप गांव में रहते थे। 18 अगस्त की रात मां से फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन इसके बाद दोनों से संपर्क नहीं हो पाया। 24 अगस्त को संदेह होने पर परिजन गांव पहुंचे। घर के बाहर ताला लगा था और अंदर से दुर्गंध आ रही थी। ताला तोड़कर अंदर जाने पर नंदकुमार और गौरीबाई अलग-अलग बिस्तरों पर मृत मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा डीएसपी लोरमी माधुरी धिरही और डीएसपी हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में लोरमी पुलिस एवं साइबर सेल ने जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत हत्या से होना पाए जाने के बाद अपराध क्रमांक 365/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में पुलिस को पता चला कि करीब आठ एकड़ पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों में विवाद था। माता-पिता की देखरेख के बदले 50 डिसमिल जमीन नंदु को मिलने की बात थी, लेकिन नंदकुमार द्वारा उसमें हिस्सा मांगने से विवाद बढ़ गया था। 16 अगस्त को खेत की मेड़ को लेकर भी दोनों भाइयों में विवाद हुआ था। इसके अगले दिन भी नंदु नंदकुमार के घर पहुंचा था और दोनों के बीच विवाद हुआ था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 19 अगस्त की दरम्यानी रात नंदु लोहे की कुदरी लेकर भाई के घर पहुंचा। पड़ोसी की बाड़ी की ओर से मकान की बाउंड्री पार कर छत के रास्ते घर में घुसकर उसने सो रहे नंदकुमार के सिर पर वार किया। आवाज सुनकर गौरीबाई जाग गईं और आरोपी को पहचान लिया। इसके बाद आरोपी ने उन पर भी कुदरी से हमला कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी ने घटना को सामान्य दिखाने के लिए कमरे और अलमारी खोल दी तथा कुदरी और अपने हाथ-पैर पानी से धोकर मकान में बाहर से ताला लगाकर चला गया। बाद में कुदरी को ट्यूबवेल में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की कुदरी बरामद कर उसे 1 सितंबर को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी अखिलेश कुमार वैष्णव, साइबर सेल प्रभारी सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शीर्षक को अधिक सटीक बनाएं
घटना का घटनाक्रम स्पष्ट क्रम में लिखें
कानूनी भाषा को अधिक सावधानी से रखें

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.