मुंगेली – जिला जनसंपर्क विभाग मुंगेली के सहायक संचालक सुजीत कुमार सिंह का जिला जनसंपर्क विभाग रायगढ़ स्थानांतरण होने पर जिला जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। विदाई समारोह के दौरान कर्मचारियों ने उनके साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए और उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, सौम्य, सरल, मधुर एवं आत्मीय व्यवहार की जमकर प्रशंसा की। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क कार्यालय के कर्मचारियों ने कहा कि सहायक संचालक सुजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्य करने का अवसर मिला। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से कार्यालयीन कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित करने की प्रेरणा मिली। उनकी कार्यशैली में अनुशासन, सहजता और टीम भावना का विशेष समन्वय देखने को मिला। कर्मचारियों ने कहा कि उनका आत्मीय व्यवहार और मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।

विदाई समारोह में सहायक संचालक सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें मुंगेली जिले में लगभग 2 वर्ष 10 महीने तक कार्य करने का अवसर मिला। यह कार्यकाल उनके जीवन के अविस्मरणीय पलों में से एक रहा। उन्होंने कहा कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन के दौरान जिला जनसंपर्क कार्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारियों का निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिसके लिए वे सभी के आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विभागीय कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए टीम भावना के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को मेहनत, लगन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए अपने कौशल को निरंतर विकसित करने तथा कार्यालयीन दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान कर्मचारियों ने सुजीत कुमार सिंह के साथ कार्य करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में कार्य करते हुए कई महत्वपूर्ण बातें सीखने को मिलीं। उनका सहयोग, सहज व्यवहार और सकारात्मक कार्यशैली लंबे समय तक याद रहेगी। कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की कि नवीन दायित्वों में भी उनका स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। जिला जनसंपर्क कार्यालय के कर्मचारियों ने सहायक संचालक सुजीत कुमार सिंह को रायगढ़ में नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद, सफल एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। इस अवसर पर भृत्य संतोष कुमार कोरी, जिला समन्वयक किशन निषाद, कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं फोटोग्राफर कोमल देवांगन, महेंद्र बंजारे, टीकाराम साहू एवं वाहन चालक दिनेश कुमार साहू सहित जिला जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.