मुंगेली – पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, बंधवा में कक्षा छठवीं एवं कक्षा ग्यारहवीं (वाणिज्य संकाय) के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। आत्मीय वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से नए विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार में अभिनंदन करते हुए उनके शैक्षणिक जीवन की नई शुरुआत को यादगार बनाया गया। कार्यक्रम में आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त शिवकुमार बांधे और विद्यालय के प्राचार्य जितेन्द्र सिंह तंवर ने छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बैग, पाठ्य पुस्तकें, नोटबुक, पेन सहित आवश्यक अध्ययन सामग्री वितरित की गई। उपयोगी शैक्षणिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे।
प्रवेशोत्सव के दौरान विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर, स्मार्ट कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल मैदान, छात्रावास एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही आवासीय विद्यालय की दिनचर्या, अनुशासन एवं शैक्षणिक वातावरण की जानकारी देकर उन्हें नए परिवेश से सहज रूप से जोड़ने का प्रयास किया गया। सहायक आयुक्त श्री बांधे ने कहा कि पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने प्रोत्साहित किया। विद्यालय के प्राचार्य श्री तंवर ने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा विद्यालय की प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया। आत्मीय स्वागत, प्रेरणादायी मार्गदर्शन और स्नेहपूर्ण वातावरण ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों में नया उत्साह और आत्मविश्वास भर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
