
मुंगेली – शहर में लगातार गिरते भू-जल स्तर और भविष्य में संभावित जल संकट को देखते हुए एंड्रूज वार्ड क्रमांक 19 के युवा पार्षद रोशन सोनी ने एक बार फिर जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाते हुए जिला कलेक्टर से वर्षों पुराने सार्वजनिक तालाब को पुनर्जीवित करने की मांग की है। उन्होंने तालाब की पुनः खुदाई कर उसमें वर्षा जल संचयन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, जिससे शहर के जल स्रोतों को संरक्षित किया जा सके।

पार्षद रोशन सोनी ने बताया कि बिलासपुर रोड स्थित राज प्रॉपर्टी के सामने मौजूद यह सार्वजनिक तालाब वर्षों से स्थानीय लोगों के लिए जल संरक्षण का प्रमुख केंद्र रहा है। समय के साथ इस तालाब को पाटकर कुछ भूमाफियाओं द्वारा प्लॉटिंग करने का प्रयास किया गया था। हालांकि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद उक्त कार्य पर रोक लगा दी गई, जिससे तालाब के अस्तित्व को बचाया जा सका। अब उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थल को पुनः तालाब के स्वरूप में विकसित करते हुए उसकी वैज्ञानिक तरीके से खुदाई कराई जाए, ताकि वर्षा ऋतु में जलभराव हो सके और भू-जल स्तर में सुधार लाया जा सके।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। लगातार बढ़ते शहरीकरण और प्राकृतिक जल स्रोतों के समाप्त होने से भू-जल स्तर तेजी से नीचे जा रहा है, जिसका असर आने वाले वर्षों में गंभीर जल संकट के रूप में सामने आ सकता है। ऐसे में पुराने तालाबों और जलाशयों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
रोशन सोनी ने कहा कि तालाब केवल जल संग्रहण का माध्यम नहीं होते, बल्कि वे पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि प्रशासन द्वारा उनकी मांग पर सकारात्मक पहल की जाती है तो यह न केवल मुंगेली शहर के लिए बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल संरक्षण का एक उत्कृष्ट उदाहरण साबित होगा।
उन्होंने कहा, “मैं हमेशा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करता रहूंगा। आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं मिलें, जल संरक्षण को बढ़ावा मिले और प्रकृति का संतुलन बना रहे, इसके लिए निरंतर आवाज उठाना मेरी जिम्मेदारी है।”
जनहित के मुद्दों को लगातार प्रमुखता से उठाने वाले युवा पार्षद रोशन सोनी की यह पहल आने वाले समय में मुंगेली के लिए जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है और शहरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में सामने आ सकती है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
