मितानिनें स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत आधारशिला इनके समर्पण से सशक्त हो रही ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था – डॉ. मनीष बंजारा
मुंगेली – प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुर में मितानिन दिवस के अवसर पर ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी मितानिन बहनों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 6 मितानिन बहनों को साल एवं श्रीफल भेंटकर उनके निस्वार्थ सेवाभाव, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में दिए जा रहे अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बंजारा ने कहा कि मितानिनें स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के बीच एक मजबूत सेतु होने के साथ-साथ ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। वे शासन की स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि, “जब कोई मां सुरक्षित प्रसव करती है, जब कोई बच्चा समय पर टीका प्राप्त करता है और जब कोई बीमार व्यक्ति उपचार के लिए अस्पताल तक पहुंचता है, तब इन सफलताओं के पीछे अक्सर एक मितानिन का निस्वार्थ प्रयास होता है। मितानिनें केवल स्वास्थ्य विभाग की कार्यकर्ता नहीं, बल्कि गांव की स्वास्थ्य प्रहरी और हजारों परिवारों की उम्मीद हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सुरक्षित संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता, टीबी नियंत्रण तथा विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मितानिनों की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।
सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद मितानिन बहनें पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ घर-घर पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ती हैं। उनका योगदान केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति विश्वास, जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने में भी महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी मितानिन बहनों को अपने-अपने गांव को स्वस्थ, जागरूक, कुपोषण मुक्त एवं बीमारियों से मुक्त बनाने के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया गया। साथ ही गांव के प्रत्येक परिवार तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में सुनीता मीरी, अंकिता, किशोर उइके, कामेश सोनवानी, त्रिवेणी, मोनिका, सुधा सहित गणमान्य नागरिक एवं मितानिन बहनें उपस्थित रहीं।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.