मुंगेली। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय विश्राम गृह में भारत सरकार के केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू से मुलाकात कर शिक्षक एल.बी. संवर्ग से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की लंबित मांगों के निराकरण के लिए शासन स्तर पर पहल करने का आग्रह किया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
प्रदेश सह संयोजक संजय उपाध्याय, जिला संयोजक बलराज सिंह एवं दीपक वेंताल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रदेश के शिक्षक एल.बी. संवर्ग लंबे समय से विभिन्न मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। मोर्चा ने शिक्षकों के हित में शासन से ठोस निर्णय लेने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने पांच प्रमुख मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। इनमें 17 अगस्त 2012 तक नियुक्त प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल के शिक्षकों को टीईटी की बाध्यता से मुक्त करने, इस संबंध में छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर उनकी सेवा सुरक्षित करने की मांग प्रमुख रही।
इसके अलावा शिक्षक एल.बी. संवर्ग की पंचायत संवर्ग में प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करते हुए पूर्ण पुरानी पेंशन सहित शिक्षा विभाग में लागू समस्त लाभ प्रदान करने की मांग रखी गई। शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने के लिए केंद्रीय वेतनमान लागू करने, 13 फरवरी 2026 के राजपत्र में शिक्षक हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधन करने तथा डीएड प्रशिक्षित शिक्षकों के लिए बीएड ब्रिज कोर्स कराने की मांग भी प्रतिनिधिमंडल ने रखी।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि इन मांगों का सीधा संबंध शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, वेतन, पेंशन और भविष्य से है। ऐसे में शासन को मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए शिक्षकों को राहत प्रदान करनी चाहिए।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि शिक्षकों की मांगों को मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा जाएगा और संबंधित विषयों पर आवश्यक पहल का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर संजय उपाध्याय, जिलाराम यादव, बलराज सिंह, दीपक वेंताल, पोषण साहू, उमेश कश्यप, उमेश साहू, शिवकुमार चंद्राकर, अजय सिंह ठाकुर, रामेश्वर साहू, खूबचंद सिंह क्षत्रिय, विवेक गोविंद, ब्रजेश यादव, शिव साहू, नकुल साहू सहित अन्य शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.