
मुंगेली/ शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में लंबे समय से बनी जलभराव की गंभीर समस्या अब विस्फोटक रूप ले चुकी है। वार्ड की मुख्य सार्वजनिक सड़क पर लगातार भरे रहने वाले गंदे पानी और कीचड़ से परेशान होकर बड़ी संख्या में वार्डवासी कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और कलेक्टर को लिखित आवेदन सौंपते हुए त्वरित कार्यवाही की मांग की।

आवेदन में वार्डवासियों ने बताया कि सड़क पर स्थायी जलभराव के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रोजाना जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं, वहीं बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। सड़क पर फैला गंदा पानी मच्छरों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे वार्डवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में नगर पालिका अधिकारियों ने संबंधित कॉलोनी को अवैध बताया है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जमीन दलालों द्वारा बिना बुनियादी सुविधाओं के प्लॉट बेचकर लोगों को किस तरह गुमराह किया गया। वार्डवासियों का कहना है कि दलालों ने मोटे मुनाफे के लालच में लोगों के भरोसे से खिलवाड़ किया और अब समस्या सामने आने पर कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है।
अब देखना होगा कि कलेक्टर जनदर्शन में दिए गए आवेदन के बाद प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब और क्या ठोस कदम उठाता है, ताकि पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड के लोगों को इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
