स्वास्थ्य परीक्षण के साथ स्त्री रोग चिकित्सा एवं परामर्श सत्र, नवरात्रि के उपलक्ष्य में इंडक्शन कुक टॉप एवं बर्तनों का सेट भेंट
बिलासपुर – श्रद्धा महिला मंडल द्वारा एसईसीएल के सौजन्य से आज वसंत विहार स्थित एसईसीएल की पिंक डिस्पेंसरी में महिला संविदा कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एसईसीएल में कार्यरत 104 महिला संविदा कर्मियों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
शिविर के दौरान महिलाओं का फुल बॉडी हेल्थ चेकअप किया गया, जिसमें लिवर एवं किडनी फंक्शन टेस्ट, सीबीसी सहित विभिन्न आवश्यक जांचें की गईं। इसके अतिरिक्त महिलाओं की आंखों की भी जांच की गई। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत आवश्यकतानुसार महिलाओं को दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, जिन महिलाओं को दृष्टिदोष के कारण चश्मे की आवश्यकता होगी, उन्हें चश्मे बनवाकर प्रदान किए जाएंगे।
*स्त्री रोग चिकित्सा एवं परामर्श पर विशेष सत्र*
स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत एसईसीएल की चिकित्सक डॉ. पारुली साहू द्वारा स्त्री रोग चिकित्सा एवं परामर्श पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को स्त्री रोगों से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में उपयोगी जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की स्थिति में समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
*महिला संविदा कर्मी एसईसीएल परिवार का अभिन्न अंग : श्रीमती शशि दुहन*
इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने कहा कि “महिला संविदा कर्मी एसईसीएल परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और कंपनी के कार्यों में उनका योगदान सराहनीय है। परिवार और कार्यस्थल की जिम्मेदारियों के बीच महिलाओं का अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। श्रद्धा महिला मंडल महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।”
*नवरात्रि के उपलक्ष्य में महिलाओं को इंडक्शन कुक टॉप एवं बर्तनों का सेट भेंट*
कार्यक्रम के दौरान नवरात्रि के पावन अवसर के उपलक्ष्य में सभी 104 महिला संविदा कर्मियों को श्रद्धा महिला मंडल की ओर से इंडक्शन कुक टॉप एवं इंडक्शन पर उपयोग किए जाने वाले बर्तनों का सेट भेंट किया गया। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को उनके घरेलू कार्यों में उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उनके योगदान के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती हसीना कुमार एवं श्रीमती विनीता जैन भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर सभी महिला संविदा कर्मियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल की वसंत विहार डिस्पेंसरी कोल इंडिया की पहली पिंक डिस्पेंसरी है। श्रद्धा महिला मंडल द्वारा समय-समय पर महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है। इसी कड़ी में आयोजित यह शिविर महिला संविदा कर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.