मुंगेली – स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिल में कथित रूप से बढ़ोतरी और आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे उपभोक्ता महीतोष बंजारे ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर अपनी समस्या से अवगत कराया। उन्होंने स्मार्ट मीटर हटाकर पूर्व में लगाए गए पुराने बिजली मीटर को पुनः स्थापित करने की मांग की है।
11 अगस्त 2026 को कलेक्टर जनदर्शन में दिए आवेदन में श्री बंजारे ने बताया कि वे मुंगेली जिले के सुरीघाट निवासी हैं। उनके घर में विद्युत विभाग द्वारा हाल ही में स्मार्ट बिजली मीटर लगाया गया है। आवेदन के अनुसार, स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से बिजली की खपत सामान्य रहने के बावजूद बिल पहले की तुलना में अधिक आ रहा है। इससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदक ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पूर्व में भी 21 जुलाई 2026 को कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम में आवेदन प्रस्तुत किया था। उस आवेदन का टोकन क्रमांक 18533 बताया गया है। उनका कहना है कि पूर्व में आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
श्री बंजारे ने कलेक्टर से मांग की है कि उनके आवेदन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए स्मार्ट मीटर की जांच कराई जाए। यदि मीटर में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो उसे हटाकर पूर्व में लगाए गए पुराने बिजली मीटर को पुनः स्थापित किया जाए। उन्होंने बिजली बिल में हो रही कथित अधिक वसूली की भी जांच कर उचित समाधान कराने की मांग की है। स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों के बीच कलेक्टर जनदर्शन में दिए गए इस आवेदन से बिजली विभाग की मीटर व्यवस्था और बिल निर्धारण प्रक्रिया पर भी सवाल उठे हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग मामले की जांच कर उपभोक्ता को किस प्रकार राहत प्रदान करता है।


The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
