
मुंगेली। शहर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और सड़कों पर आवारा मवेशियों के जमावड़े को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा समय-समय पर निर्देश दिए जाते रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का प्रभाव कुछ दिनों बाद ही कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। कुछ दिन पूर्व आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर अमित विकास टोपनो द्वारा सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद शहर की प्रमुख सड़कों पर शाम होते ही मवेशियों का जमावड़ा दिखाई देने लगा है।

एक ओर सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है, वहीं दूसरी ओर सड़कों के किनारे और कई स्थानों पर होने वाली अनियमित पार्किंग यातायात व्यवस्था को और प्रभावित कर रही है। व्यस्त मार्गों पर एक साथ मवेशियों और वाहनों की मौजूदगी से सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम हो जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बताया जाता है कि यातायात व्यवस्था को लेकर बस संचालकों को भी समय-समय पर समझाइश दी जाती रही है, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। नागरिकों का कहना है कि केवल निर्देश और समझाइश से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसके लिए नियमित निगरानी, नियमों का पालन और जिम्मेदारों पर कार्रवाई जरूरी है।
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शाम के समय विशेष निगरानी अभियान चलाकर आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा अनियमित पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.