12 अक्टूबर तक चलेगा सघन आईईसी कैंपेन
मुंगेली – राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के लक्ष्यों की पूर्ति एवं जिले में एचआईवी-एड्स के प्रति व्यापक जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कक्ष में जिला स्तरीय मासिक समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा की अध्यक्षता तथा जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुदेश कुमार रात्रे की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिले के तीनों विकासखण्डों लोरमी, मुंगेली एवं पथरिया से संबंधित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न कार्यक्रमों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित लाल, डी.डी.एम., जिला आरएमएनसीएचएन डॉ. अखिलेश बंजारे, बीपीएम, जिला मितानिन समन्वयक, टीबी कार्यक्रम के जिला कार्यक्रम समन्वयक, एड्स परामर्शदाता, लैब टेक्नीशियन, एसटीएस, एसटीएलएस तथा टीआई एनजीओ के कर्मचारी प्रमुख रूप से शामिल रहे। बैठक के दौरान जिला एड्स नोडल अधिकारी द्वारा पीपीटी के माध्यम से राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने एचआईवी की रोकथाम, समय पर जांच, उपचार से जोड़ने तथा एचआईवी के साथ जीवन जी रहे लोगों के प्रति भेदभाव एवं कलंक को कम करने के लिए प्रभावी जनजागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। जिला चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिले में एचआईवी-एड्स संबंधी जानकारी को आमजन तक पहुंचाने के लिए आगामी दो माह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ लक्षित समूहों तक जागरूकता संदेश पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार की गई।
12 अक्टूबर तक चलेगा विशेष इंटेंसिफाइड आईईसी कैंपेन बैठक में बताया कि 12 अगस्त से 12 अक्टूबर 2026 तक विशेष इंटेंसिफाइड आईईसी कैंपेन चलाया जाएगा। इसके तहत मुंगेली जिले के सभी विकासखण्डों में एचआईवी-एड्स की रोकथाम एवं बचाव के संबंध में सघन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, रैली, कला जत्था, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर, एचआईवी जांच एवं परामर्श संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा मितानिनों द्वारा घर-घर संपर्क कर लोगों को एचआईवी-एड्स से बचाव, संक्रमण के कारणों, जांच एवं उपचार के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जाएगी। बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया गया कि अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं समुदाय के बीच जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न माध्यमों से लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि एचआईवी की समय पर जांच और उपचार से स्वस्थ जीवन संभव है। साथ ही एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव समाप्त करने तथा समाज में सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण बनाने के लिए भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी। बैठक में अभियान की गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग, विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने जिले में विशेष आईईसी कैंपेन को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
